रविवार, 1 जून 2014

केजरीवाल बनाएंगे शेडो कैबिनेट, पार्टी के दफ्तर से होगा संचालन

जयजीत अकलेचा/ Jayjeet Aklecha


हलो, मैं शेडो पीएम बोल रहा हूं!
अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी के भले ही चार उम्मीदवार ही संसद में पहुंचे हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने शेडो कैबिनेट बनाने का फैसला किया है। केजरीवाल स्वयं इस शेडो कैबिनेट के मुखिया रहेंगे। इसके लिए उन्होंने आम लोगों की राय मांगी थी जो उनके पक्ष में आई है। ऐसा दावा पार्टी के एक प्रवक्ता ने किया है। केजरीवाल अपनी इस शेडो कैबिनेट का संचालन आम आदमी पार्टी के मुख्यालय में बनाई गई विशेष संसद में करेंगे।
केजरीवाल 4 जून से शुरू होने वाले संसद के सत्र की पूर्व संध्या पर अपने इस शेडो कैबिनेट का औपचारिक ऐलान कर सकते हैं। विश्वसनीय सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार शेडो कैबिनेट में केजरीवाल अपने पास स्वास्थ्य और गृह मंत्रालय रखेंगे। मनीष सिसौदिया डिप्टी लीडर बन सकते हैं। इसके अलावा उनके पास उन विभागों की कमान रहेगी, जो दिल्ली राज्य में सत्ता में आने पर थी। इसी तरह सोमनाथ भारती, राखी बिड़ला और सौरभ भारद्वाज भी उन्हीं विभागों के शेडो मिनिस्टर रहेंगे जो वे दिल्ली सरकार में थे। योगेन्द्र यादव को भी कोई अहम शेडो मिनिस्टर का पद दिया जा सकता है। हालांकि वे इसे लेने से इनकार कर रहे हैं। इस बीच, खबर यह भी है कि शाजिया इल्मी इस शर्त पर पार्टी में वापस लौट सकती हैं कि उन्हें कोई सम्मानजनक शेडो मंत्री बनाया जाएगा। गौरतलब है कि शेडो कैबिनेट का प्रचलन ब्रिटेन सहित कुछ यूरोपीय देशों की संसद में रहा है। भारत में अब आम आदमी पार्टी यह प्रयोग संसद के बाहर करने जा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Thanks for your comment