मंगलवार, 10 मार्च 2020

Humor :अपनी कुत्ता फजीहत से तंग आकर सुसाइड करने जा रहे थे 2 कोरोना वायरस, देखिए फिर क्या हुआ?

corona jokes कोरोना जोक्स मीम्स


By Jayjeet

आगरा में ताजा-ताजा पहुंचे कोरोना के दो वायरस आपस में बातें कर रहे थे।


पहला कोरोना : यार कमाल है। हम यहां आतंक फैलाने आए हैं और ये स्साले इंडियन, जोक्स और मीम्स में हमारा मजाक उड़ा रहे हैं। हद है यार…

दूसरा कोरोना : हां, भाई इनका कुछ नहीं हो सकता। आ लौट चलें…

पहला : कहां?

दूसरा : अपने देश चाइना,और कहां!

पहला : अबे मरवाएगा क्या, वहां चाइनीज सरकार हमें चाइना वाॅल से लटका-लटकाकर इतना मारेगी कि हमारे पुरखे याद आ जाएंगे।

दूसरा : जो भी हो, इंडिया से मन भर गया… इन स्सालों की तो हर चीज को लाइटली लेने की आदत ही हो गई है। हमें भी लाइटली ले रहे हैं…

पहला : तो क्या करें? सुसाइड कर लें?

दूसरा : हां, अब यही एक रास्ता बचा है। चल ताजमहल के पीछे चलते हैं। वहीं से जमुनाजी में डुबकी मारकर इहलीला समाप्त कर लेंगे। न रहेंगे हम, न होगी हमारी इत्ती कुत्ता फजीहत।

पहला : अरे नहीं, वो तो बहुत गंदी है। उसकी बू तो यहां तक आ रही है। मैं उसमें डुबकी नहीं मार सकता।

दूसरा : ये तेरे दिमाग का लोचा है। वो साफ है। अभी ट्रम्प जी यहां आए थे तो उसे साफ किया गया था।

पहला : एक तो तू ट्रम्प को ट्रम्पजी बोलना छोड़। तुझे पता नहीं वो हमारा दुश्मन है!

दूसरा : ट्रम्प हमारा दुश्मन कैसे हो गया?

पहला : अरे भिया, हमारी कंट्री को ट्रेड वॉर में फंसा रखा है उसने। हमारी इकोनॉमी की वाट लग गई है उससे।

दूसरा : इकोनॉमी तो ठीक है। पर ये बता, भिया शब्द कहां से सीख लिया?

पहला : कल यहां दो इंदौरी आए थे। उन्होंने ही सिखाया। और साथ में क्या झन्नाट नमकीन खिलाया, मजा आ गया।

दूसरा : अरे खां, क्या बात है! इंदौरियों से मिल लिए आप तो।

पहला : लगता है तू किसी भोपाली से मिल लिया है!

दूसरा : हां, कल एक भोपाली मियां अड़सट्टे में आ गए थे। तो उन्हीं से अरे खां सीखा…

पहला : पर तूने उनको इंफेक्टेड तो नहीं किया?

दूसरा : नई रे… सीधे-सीधे मानुष। पर तूने तो इंदौरियों को नहीं किया?

पहला : मैंने भी छोड़ दिया। वैसे भी झन्नाट नमकीन खाने वाले इंदौरी अपन से कोई इंफेक्टेड हो रिये क्या?

दूसरा : चल बहुत फालतू बातें हो गईं। पाइंट पर आते हैं, बता सुसाइड का क्या करना?

पहला : छोड़ यार। इंडियन्स को देख। कोई टेंशन नहीं। हम काहें सुसाइड करेंगे? सुसाइड करेंगी डेंगू की अम्मा..।

दूसरा : तो हम क्या करेंगे? यहीं रहेंगे?

पहला : अपन तो सीधे पटाया चलते हैं। वहीं कुछ दिन एश करेंगे। फिर देखते हैं..

दूसरा : थाईलैंड वाला पटाया? तो रुक। जरा आगरे का पैठा बांध लूं दो-चार किलो…

#Humor #Satire #Coronavirus

(और भी मजेदार खबरी व्यंग्य पढ़ने के लिए हिंदी खबरी व्यंग्यों पर भारत के पहले पोर्टल hindisatire.com पर क्लिक करें ...)

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Thanks for your comment