Humour लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
Humour लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

मंगलवार, 10 मार्च 2020

Humor :अपनी कुत्ता फजीहत से तंग आकर सुसाइड करने जा रहे थे 2 कोरोना वायरस, देखिए फिर क्या हुआ?

corona jokes कोरोना जोक्स मीम्स


By Jayjeet

आगरा में ताजा-ताजा पहुंचे कोरोना के दो वायरस आपस में बातें कर रहे थे।


पहला कोरोना : यार कमाल है। हम यहां आतंक फैलाने आए हैं और ये स्साले इंडियन, जोक्स और मीम्स में हमारा मजाक उड़ा रहे हैं। हद है यार…

दूसरा कोरोना : हां, भाई इनका कुछ नहीं हो सकता। आ लौट चलें…

पहला : कहां?

दूसरा : अपने देश चाइना,और कहां!

पहला : अबे मरवाएगा क्या, वहां चाइनीज सरकार हमें चाइना वाॅल से लटका-लटकाकर इतना मारेगी कि हमारे पुरखे याद आ जाएंगे।

दूसरा : जो भी हो, इंडिया से मन भर गया… इन स्सालों की तो हर चीज को लाइटली लेने की आदत ही हो गई है। हमें भी लाइटली ले रहे हैं…

पहला : तो क्या करें? सुसाइड कर लें?

दूसरा : हां, अब यही एक रास्ता बचा है। चल ताजमहल के पीछे चलते हैं। वहीं से जमुनाजी में डुबकी मारकर इहलीला समाप्त कर लेंगे। न रहेंगे हम, न होगी हमारी इत्ती कुत्ता फजीहत।

पहला : अरे नहीं, वो तो बहुत गंदी है। उसकी बू तो यहां तक आ रही है। मैं उसमें डुबकी नहीं मार सकता।

दूसरा : ये तेरे दिमाग का लोचा है। वो साफ है। अभी ट्रम्प जी यहां आए थे तो उसे साफ किया गया था।

पहला : एक तो तू ट्रम्प को ट्रम्पजी बोलना छोड़। तुझे पता नहीं वो हमारा दुश्मन है!

दूसरा : ट्रम्प हमारा दुश्मन कैसे हो गया?

पहला : अरे भिया, हमारी कंट्री को ट्रेड वॉर में फंसा रखा है उसने। हमारी इकोनॉमी की वाट लग गई है उससे।

दूसरा : इकोनॉमी तो ठीक है। पर ये बता, भिया शब्द कहां से सीख लिया?

पहला : कल यहां दो इंदौरी आए थे। उन्होंने ही सिखाया। और साथ में क्या झन्नाट नमकीन खिलाया, मजा आ गया।

दूसरा : अरे खां, क्या बात है! इंदौरियों से मिल लिए आप तो।

पहला : लगता है तू किसी भोपाली से मिल लिया है!

दूसरा : हां, कल एक भोपाली मियां अड़सट्टे में आ गए थे। तो उन्हीं से अरे खां सीखा…

पहला : पर तूने उनको इंफेक्टेड तो नहीं किया?

दूसरा : नई रे… सीधे-सीधे मानुष। पर तूने तो इंदौरियों को नहीं किया?

पहला : मैंने भी छोड़ दिया। वैसे भी झन्नाट नमकीन खाने वाले इंदौरी अपन से कोई इंफेक्टेड हो रिये क्या?

दूसरा : चल बहुत फालतू बातें हो गईं। पाइंट पर आते हैं, बता सुसाइड का क्या करना?

पहला : छोड़ यार। इंडियन्स को देख। कोई टेंशन नहीं। हम काहें सुसाइड करेंगे? सुसाइड करेंगी डेंगू की अम्मा..।

दूसरा : तो हम क्या करेंगे? यहीं रहेंगे?

पहला : अपन तो सीधे पटाया चलते हैं। वहीं कुछ दिन एश करेंगे। फिर देखते हैं..

दूसरा : थाईलैंड वाला पटाया? तो रुक। जरा आगरे का पैठा बांध लूं दो-चार किलो…

#Humor #Satire #Coronavirus

(और भी मजेदार खबरी व्यंग्य पढ़ने के लिए हिंदी खबरी व्यंग्यों पर भारत के पहले पोर्टल hindisatire.com पर क्लिक करें ...)

रविवार, 8 मार्च 2020

Humor : कोरोना वायरस को इन 7 पारंपरिक तरीकों से भी मार सकते हैं, सातवां तरीका सबसे दमदार

coronavirus jokes


By Jayjeet

हिंदी सटायर डेस्क। इन दिनों दुनियाभर के वैज्ञानिक और डॉक्टर्स कोरोना वायरस के खात्मे के लिए काम कर रहे हैं। अब जबकि कोरोना भारत भी आ गया है तो उसे मारने के लिए हम पारंपरिक तरीकों का इस्तेमाल कर सकते हैं। पारंपरिक तरीके कई हो सकते हैं। लेकिन हम 7 तरीके बता रहे हैं :

तरीका एक : कोरोना के लिए राहुल गांधी की एक चुनावी रैली आयोजित करवाकर। उनका भाषण सुनने के बाद वह हंस-हंसकर ही यमलोक सिधार जाएगा।

तरीका दो : इसे मोदीजी का कोई भी भाषण सुनवा दीजिए। मोदीजी की फेंकी हुई चीजों को संभालते-संभालते ही वह टें बोल जाएगा।

तरीका तीन : कोरोना को उसके उसके बच्चे के एडमिशन के लिए किसी भी प्राइवेट स्कूल भेज दीजिए। फीस और अन्य खर्च सुनकर वह इतने अवसाद में चला जाएगा कि अपने आप मौत हो जाएगी।

तरीका चार : उसे हमारे यहां के किसी प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कर दीजिए। एक दिन वह खुद ही डॉक्टर से बोल देगा – डॉक साहब, मेरा लाइफ सपोर्ट सिस्टम हटा दीजिए।

तरीका पांच : कोरोना के वायरसों को दो समूहों में बांटकर एक का नामकरण हिंदू और दूसरे का मुस्लिम कर दीजिए। फिर कोई अफवाह फैला दो। आपस में ही लड़कर मर मिटेंगे।

तरीका छह : उसे किसी धर्मस्थल की लाइन में खड़ा कर दीजिए। उसे देखकर लोग इतने बेकाबू हो जाएंगे कि वहां मची भगदड़ में वह मारा जाएगा।

तरीका सात (सबसे दमदार) : योगीजी से बोलकर उसका नाम ‘नेता’ कर दीजिए। वह इतना नीचे गिर जाएगा, इतना नीचे गिर जाएगा कि फिर कभी उठ ही ना पाएगा।

#coronavirus jokes #humor #satire

(और भी मजेदार खबरी व्यंग्य पढ़ने के लिए हिंदी खबरी व्यंग्यों पर भारत के पहले पोर्टल hindisatire.com पर क्लिक करें ...)

गुरुवार, 5 सितंबर 2019

Satire : अपने ‘राजनीतिक गुरु’ को सम्मानित करना चाहते हैं राहुल, गायब हुए सीनियर कांग्रेसी

jokes on rahul gandhi funny
हाव-भाव पर न जाइए... सच्ची में अपने गुरु को सम्मानित करना चाहते हैं बाबा...
By Jayjeet

हिंदी सटायर डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की इस मंशा कि वे शिक्षक दिवस के मौके पर अपने राजनीतिक गुरु को सम्मानित करना चाहते हैं, को जानकर कांग्रेस के अधिकांश वरिष्ठ नेता भूमिगत बताए जा रहे हैं। जनार्दन द्विवेदी, जयराम रमेश से लेकर दिग्गी राजा तक ने अपने फोन नॉट रिचेबल कर लिए हैं।

हिंटी सटायर को प्राप्त जानकारी के अनुसार शिक्षक दिवस की पूर्व संध्या पर राहुल ने अपने करीबियों से इच्छा जताई कि वे शिक्षक दिवस पर अपने राजनीतिक गुरु को सम्मानित करना चाहते हैं। जैसे ही यह खबर कांग्रेस के गलियारों में फैली, पार्टी के वरिष्ठ नेताओं में चिंता की लहर दौड़ गई। सीपी जोशी और अहमद पटेल अलग-अलग जगहों पर यह कहते सुने गए कि उन्हें तो राहुलजी से बहुत कुछ सीखने को मिला है, वे भला राहुलजी को क्या गुर दे सकते हैं? मोतीलाल वोरा ने अपने करीबियों से कहा (और यह भी कहा कि यह बात कुछ सूत्रों के जरिए राहुलजी तक पहुंच जाए) कि वे अब राजनीति में बहुत ज्यादा सक्रिय नहीं हैं, इसलिए उन्होंने राजनीतिक आधार पर सम्मानित होना छोड़ दिया है।

दिग्गी को पहले ही हो गया था भान! :
लगता है दिग्गी राजा को पहले से ही भान हो गया था कि शिक्षक दिवस पर राहुलजी कुछ गड़बड़-घोटाला कर सकते हैं। शायद इसीलिए उन्होंने कुछ दिन पहले से अपने गृह राज्य मप्र में कांग्रेस में कलह की स्थिति पैदा करवा दी ताकि राहुल उनके नाम पर अगर विचार कर रहे हों, तो वे छोड़ दें। हालांकि दिग्गी के घोर विरोधी उन्हें राहुल से सम्मानित करवाने के अभियान में जुट गए हैं।


(और भी मजेदार खबरी व्यंग्य पढ़ने के लिए हिंदी खबरी व्यंग्यों पर भारत के पहले पोर्टल hindisatire.com पर क्लिक करें ...)

शनिवार, 1 जून 2019

Humor : गर्मी से राहत दिलाने भाजपा व कांग्रेस ने केजरीवाल से की मफलर धारण करने की मांग


arvind kejriwal funny photo with AAP cap

By Jayjeet

हिंदी सटायर डेस्क। देश के लोगों को गर्मी से निजात दिलाने के लिए भाजपा और कांग्रेस ने दलगत राजनीति से ऊपर उठकर अरविंद केजरीवाल से यथाशीघ्र मफलर धारण करने की मांग की है। इन दाेनों राष्ट्रीय पार्टियों का मानना है कि इस समय सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण मुद्दा आम लोगों को गर्मी से राहत दिलाना है। ऐसे में केजरीवाल का मफलर ही सूरज को कन्फ्यूज कर गर्मी के तेवर को कम कर सकता है।


भाजपा के प्रवक्ता सांबित पात्रा और कांग्रेस के प्रवक्ता अखिलेश प्रताप सिंह ने अलग-अलग टीवी चैनलों पर हुई चर्चाओं के दौरान ये मांग की। सांबित पात्रा ने कहा, “इस समय दिल्ली समेत पूरा देश भीषण गर्मी से परेशान हैं, लेकिन केजरीवाल बिजली सस्ती करने में लगे हुए हैं। अगर केजरीवाल को वाकई आम लोगों की चिंता है तो उन्हें तुरंत मफलर धारण करना चाहिए।”

उधर, कांग्रेस के प्रवक्ता अखिलेश प्रताप सिंह ने भी कहा कि राष्ट्रहित में दलीय मतभेदों को ऊपर रखकर कार्य करना कांग्रेस की संस्कृति रही है। इसीलिए भाजपा से वैचारिक मतभेद होने के बावजूद हम भी श्री केजरीवाल जी से मफलर धारण करने का आग्रह करते हैं। अखिलेश प्रताप ने यह भी स्पष्ट कर दिया कि इतना महत्वपूर्ण मसला होने के कारण ही वे कांग्रेस हाईकमान की विशेष अनुमति से टीवी पर आए हैं। गौरतलब है कि कांग्रेस हाईकमान ने अगले एक माह के लिए अपने प्रवक्ताओं के टीवी बहस में शामिल होने पर प्रतिबंध लगा रखा है।

केजरीवाल ही अंतिम उम्मीद :
इस बीच विशेषज्ञाें ने भी कहा है कि इस समय तो केवल अरविंद केजरीवाल से ही उम्मीद जताई जा सकती है। मौसम वैज्ञानिक डॉ. रमण पुजारी ने hindisatire से कहा, “हालांकि इस साल केजरीवाल ने ठंड में मफलर धारण नहीं किया, फिर भी सूरज पर मफलर इम्पैक्ट बाकी है। इसी के चलते केजरीवाल के मफलर धारण करते ही सूरज को एहसास होने लगेगा कि यह तो ठंड का मौसम है और इस मौसम में इतनी गर्मी ठीक नहीं है। इस तरह कन्फ्यूज होकर सूर्य देवता अपना तेज कम कर देंगे।”

(और भी मजेदार खबरी व्यंग्य पढ़ने के लिए हिंदी खबरी व्यंग्यों पर भारत के पहले पोर्टल hindisatire.com पर क्लिक करें ...)

सोमवार, 15 अप्रैल 2019

Humour : ब्लैक होल मिलने से इतने खुश हुए वाड्रा कि लड्डू तक बंटवा दिए, जानिए क्यों?

robert vadra wirh rahul gandhi satire humour


By Jayjeet

नई दिल्ली। धरती से करोड़ों गुना बड़ा ब्लैक होल (black-hole) मिलने की खबर से सबसे ज्यादा खुश रॉबर्ट वाड्रा बताए जा रहे हैं। वे यह खबर मिलते ही इतने खुश हो गए कि उन्होंने इनफोर्समेंट डायरेक्टोरेट (ED) के दफ्तर में उनके साथ चल रही पूछताछ रुकवा दी और ईडी के तमाम कर्मचारियों के बीच मोतीचूर के लड्‌डू तक बंटवा दिए। आखिर ब्लैक होल के मिलने का उनकी खुशी से क्या संबंध? इस बारे में हमने उनसे बहुत ही संक्षेप में बात की।

हिंदी सटायर : सुना है, आप ब्लैक होल मिलने से बड़े खुश हैं?
वाड्रा : जी हां, खुश क्यों नहीं होंगे? धरती से करोड़ों गुना बड़ा है।

हिंदी सटायर : तो इसमें आपके खुश होने की वजह?
वाड्रा : क्यों नहीं होगे भाई? अगर यह धरती से करोड़ों गुना बड़ा है तो सोचो कि वहां जमीन कितनी होगी? और सबसे बड़ी बात, वहां ईडी भी नहीं होगा।

(और भी मजेदार खबरी व्यंग्य पढ़ने के लिए हिंदी खबरी व्यंग्यों पर भारत के पहले पोर्टल hindisatire.com पर क्लिक करें ...)