गुरुवार, 12 अक्तूबर 2023

हमास-इजरायल संघर्ष: इसे धर्म का मामला कतई ना बनाएं! यह विशुद्ध जियो-पॉलिटिकल इश्यू है, जिसमें बस्स, इंसानियत रौंदी जा रही है!!!

By Jayjeet Aklecha (जयजीत अकलेचा)

फलस्तीनी आतंकी संगठन हमास और इजरायल के बीच ताजे संघर्ष को लेकर हमारे यहां आम से लेकर खास लोगों की जो टिप्पणियां आ रही हैं, उससे ऐसा लगता है कि कुछ लोग इस मामले को भी धर्म का चोला पहनाने में लग गए हैं। बेशक, हमास ने जो किया, वह अत्यंत बर्बर हमला था। इसे 'क्राइम अगेंस्ट ह्यूमैनिटी' भी कहें तो कोई अतिशयोक्ति नहीं है। लेकिन फिर भी क्या इसका वाकई धर्म से लेना-देना है? एक त्वरित निगाह:
इस पूरे मामले में, जैसा कि लाजिमी था, अमेरिका ने इजरायल का समर्थन किया है। यानी एक क्रिश्चियन बाहुल्य देश एक यहूदी बाहुल्य देश के साथ है। बढ़िया...
रूस ने अमेरिका के स्टैंड का विरोध करते हुए परोक्ष रूप से हमास का समर्थन किया है। रूस भी क्रिश्चियन बाहुल्य देश है और आज भी एक बड़ी विश्व शक्ति है। यानी एक क्रिश्चियन बाहुल्य शक्ति (अमेरिका) एक मुस्लिम संगठन के खिलाफ है तो दूसरी क्रिश्चियन बाहुल्य शक्ति (रूस) उसी मुस्लिम संगठन के साथ है।
यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने रूस और हमास दोनों को एक ही थैले का चट्टे-बट्टे बताया है। मतलब यूक्रेन परोक्ष रूप से इजरायल के साथ है। अब रूस और यूक्रेन के बीच धर्म-संस्कृति के नाम पर कितनी समानता है, यह बताने की जरूरत नहीं है। इस समानता के बावजूद ये दोनों भी आपस में कितनी क्रूरता से लड़ रहे हैं, यह भी क्या बताने की जरूरत है?
लेकिन अभी तो थोड़ा-सा ही पेंच फंसा है। आगे चलते हैं।
UAE ने इस हिंसा के लिए हमास को जिम्मेदार ठहराया है। यूएई एक मुस्लिम बाहुल्य देश है। तो, एक मुस्लिम बाहुल्य देश का स्टैंड ठीक वही है, जो क्रिश्चियन बाहुल्य देशों (अमेरिका-यूक्रेन) का है, यानी मुस्लिम देश एक मुस्लिम संगठन के खिलाफ है।
पर ईरान? ईरान ने इजरायल का विरोध किया है, करते आया है। यह भी लाजिमी है, क्योंकि अमेरिका इजरायल के साथ है, साथ रहा है। जिस दिन अमेरिका इजरायल के खिलाफ हो जाएगा (हालांकि जो बेहद काल्पनिक स्थिति है, पर असंभव कुछ भी नहीं है), उस दिन ईरान इजरायल के साथ हो जाएगा!
और सबसे बड़ी बात… हमास फलस्तीनियों का एकमात्र प्रतिनिधि नहीं है। फलस्तीनियों के असल प्रतिनिधित्व का दावा करता है फतह। दोनों मुस्लिम संगठन हैं, दोनों का गठन फलस्तीनियों को अधिकार दिलाने के मकसद से हुआ। दोनों का लक्ष्य एक ही है- इजरायल का समूल नाश। और, मजेदार बात, दोनों के बीच खूनी और राजनीतिक संघर्ष आम बात है।
तो कुल मिलाकर यह वैसा वाला धार्मिक मामला कतई नहीं है, जैसा वाला हममें से कुछ लोग इसे समझ रहे हैं या दूसरों को समझाने की कोशिश कर रहे हैं। यह विशुद्ध जियो-पॉलिकल इश्यू है, जिसमें हमारे यहां के कुछ मासूम भाई लोग अनावश्यक धर्म का एंगल फंसा रहे हैं।
धर्म के नाम पर बंटवारे का जो खेल ब्रिटेन ने भारत के साथ किया था, वही खेल उसने इजरायल और फलस्तीन के साथ किया। एक मुस्लिम बाहुल्य इलाके में जबरदस्ती यहूदियों को बसाने का मकसद भी यह था कि दुनिया धर्म के नाम पर लड़ती रहे। दुनिया धर्म के नाम पर तो नहीं लड़ रही, लेकिन जियाे-पॉलिटिकल समस्या के रूप में उसने दुनिया को अशांति का पर्याप्त बारूद जरूर थमा दिया है, जिससे गाहे-बगाहे चिंगारियां उठती रहेंगी।
फौरी तौर पर राहत की बात यह है कि आज दुनिया कम से कम धर्म के नाम पर धुव्रीकृत नहीं है (दुर्भाग्य से आतंक के खिलाफ एक भी नहीं है!)। जब तक एक ही अब्राहमी धर्म से निकलने वाली तीनों शाखाएं - यहूदी, ईसाई और मुस्लिम आपस में ही गुत्थम-गुत्था होती रहेंगी (पर धर्म के नाम पर नहीं), तब तक धुव्रीकरण की आशंका दूर-दूर तक बनती नजर नहीं आएगी। और जब तक दुनिया में जियो-पॉलिटिकल इश्यू रहेंगे, तब तक यह संभावना बनेगी भी नहीं।
इसलिए धर्म का मामला न बनाते हुए इस विशुद्ध मानवीय नृशंसता का मामला बताइए। पहल भले ही आतंकी संगठन हमास ने की हो, लेकिन उसी की लाइन को बढ़ाने का काम एक संप्रभु राष्ट्र इजरायल भी कर रहा है।
और अंत में एक निवेदन… कोई संयुक्त राष्ट्र से केवल इतना भर पूछ लें - वह है कहां?