Political Satire लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
Political Satire लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

बुधवार, 30 जून 2021

पेट्रोल से खास बातचीत.... जब लोग अपनी बाइकों में इतना पेट्रोल डलवा रहे हैं तो कुछ तो गड़बड़ है...



पेट्रोल की कीमतों में बढ़ोतरी

By Jayjeet 

बहुत दिनों के बाद आज रिपोर्टर फ्री था। तो सोचा, थोड़ा पेट्रोल से भी मिल लिया जाए। और पहुंच गया उसी पेट्रोल के पास जो अब खुद को एक तरह से सेलेब्रिटी मानने लगा था।

"नमस्कार भैया। कहां चढ़े हों? तनिक नीचे तो उतरो।' रिपोर्टर आसमान की ओर देखते हुए पेट्रोल से मुखातिब था।

"कौन है भाई? हमारा विकास देखा नहीं जा रहा तो मुंह फेर लो।' पेट्रोल उतने ही एटीट्यूड में बोला, जितना ऐसी स्थिति में आमतौर पर आ ही जाता है।

"आपका जरा इंटरव्यू करना है।'

"अच्छा तो आप रिपोर्टर हैं। बड़ी जल्दी आ गए। डीजल को भी जरा 100 पार कर लेने देते, फिर आते।' अपनी उपेक्षा के चलते पेट्रोल के मुंह पर एक तरह के कटाक्ष का भाव है।

"आपकी शिकायत जायज है। देर हो गई आते-आते। अब क्या करें, कुछ बड़ी राष्ट्रीय समस्याओं में फंस गया था। इसलिए समय ही नहीं मिल पाया।'

"अच्छा तो अब आप भी कांग्रेस हो गए। बड़ी-बड़ी समस्याओं में फंसे हुए हैं और हम जैसे छोटों के लिए टाइम ही ना मिल रहा। बहुत बढ़िया!'

"अगर टांटबाजी हो गई हो तो सवाल-जवाब का सिलसिला शुरू करें?'

"हां, जब सरकार से सवाल पूछने की हिम्मत ना होती है तो फिर पूछने के लिए हम गरीब ही बचते हैं।' इतना कहते ही पेट्रोल ने ऐसा जोर से ठहाका लगाया कि थूक के कुछ छीटें रिपोर्टर के शर्ट पर आ गिरे। उसने यह ठहाका अपनी गरीबी पर उसी अंदाज में लगाया था जैसे अक्सर कई अमीर खुद की गरीबी पर लगाते हैं।

"इतना थूक ना उड़ाओ। आपकी थूक की एक-एक बूंद बड़ी कीमती है। और फिर हमारे कपड़ों पर गिरकर रिस्की भी हो रही है। हवा में कब कौन कहां से तीली निकाल लें, इन दिनों पता ही नहीं चलता। हां, पर आपने क्या कहा, मैंने कुछ सुना नहीं?'

"असली बातें सुनकर भी ना सुनना तो आप जैसों से सीखें। मैं कह रहा था कि ये इंटरव्यू विंटरव्यू सरकार से क्यों नहीं करते?'

"अरे सरकार क्या हमारे लिए फालतू बैठी है? ट्विटर की वो छटाक भर की चिड़िया भी सिर उठा रही है। इन दिनों बहुत चें चें कर रही है। लगता है राजद्रोहियों के साथ मिल गई है। तो उसका थूथना दबाने में लगी है सरकार।'

"हां, ये तो सही कर रही है सरकार। ट्विटर को कम से कम देश के नक्शे-वक्शे के साथ खेला नहीं करना चाहिए। इससे हम-आप तो ठीक है, पर उन लोगों की भावनाओं को बड़ी ठेस पहुंचती है जो स्विस बैंकों के बजाय देश की सीमाओं के भीतर ही भ्रष्टाचार की अपनी गाढ़ी कमाई रखते हैं। देश का पैसा देश में ही रहे, ऐसी पावन सोच वाले लोग जब ट्विटर की ऐसी करतूत देखते हैं तो दुख तो होगा ही।'

"तो असल सवाल पूछने का सिलसिला शुरू करें?'

"असल सवाल?' हंसते हुए, "पर हमसे पूछने के लिए बचा ही क्या है? यही पूछोंगे ना कि हमने तो सेंचुरी मार ली है, अब ये विराट दो साल से क्या कर रहा है? पर बता दूं, क्रिकेट में मेरी कोई दिलचस्पी नहीं है।'

"मेरी भी कोई दिलचस्पी नहीं है। फिर ऐसे सवाल पूछने के लिए उनकी बीवी बैठी हुई हैं। हम क्यों पर्सनल बातें करें?'

"तो फिर पूछिए, जो भी पूछना हो। पर जरा जल्दी कर लेना। वैसे भी आपने बहुत टाइम खोटी कर लिया। इतनी देर में हम दो-चार सेमी और ऊंचाई पर पहुंच जाते।'

"एक बहुत ही गंभीर सवाल है जो दो-तीन दिन से मन में मंडरा रहा है। आपने सुना या पढ़ा ही होगा कि महामहिम ने कहा है कि वे अपनी आधी सैलरी टैक्स में दे देते हैं ...'

"देखिए, महामहिम जी का हम बहुत सम्मान करते हैं। तो उनके खिलाफ हम कुछ ना बोलेंगे, समझ लीजिए।' बात को बीच से ही काटते हुए पेट्रोल बोला।

"तो हम क्या कम सम्मान करते हैं उनका? बहुत सम्मान करते हैं। सबको करना चाहिए। हम तो केवल उनकी बात से जुड़ा एक सवाल पूछ रहे हैं। पूरा सुन तो लीजिए। जब महामहिम जी इतना टैक्स चुका रहे हैं, तो अपनी मोटरसाइकिलों में जो इतना महंगा तेल भर-भरकर लोग जा रहे हैं, उनकी भी इनकम टैक्स जांच होनी चाहिए कि नहीं?'

"क्यों? हमारे दाम खटकने लगे! जरा खाने के तेल से भी ऐसा ही पूछो ना!'

"हां, उससे पूछकर ही तो आ रहा हूं। वह भी इस बात से सहमत है।'

"क्या बोला वो? '

"यही कि लोग सब दिखावे के लिए झोपड़ियां तानकर रखे हैं और दो-दो टाइम का खाना, वह भी तेल में बघारा हुआ खा रहे हैं। सरकार को पूरी जांच करके इस बात का पता लगाना चाहिए कि आखिर आम लोगों के पास इतना भर-भरकर पैसा आ कहां से रहा है?'  

"जब खाने का तेल यह बात बोल रहा है तो सही ही बोल रहा होगा। तो सरकार जांच करवा लें और जो टैक्स चुरा रहे हैं, उनसे पूरी शक्ति के साथ पूरा टैक्स वसूले। बेचारे देश के महामहिम टाइप के लोग ही टैक्स क्यों दें?' पेट्रोल ने सहमति जताई।

"तो फिर आप दोनों का यह ज्वाइंट स्टेटमेंट छाप दूं ना कि गाड़ियों में पेट्रोल और पेटों में खाने का तेल अगर आम लोग इतनी आसानी से भरवा रहे हैं तो इसमें कुछ तो गड़बड़ है।'

"पर हमारा नाम मत लेना। सूत्रों टाइप कुछ छाप सको तो छाप देना। कहीं सरकार बुरा ना मान जाए। अभी सरकार से बहुत काम है। 150 तक जाना है। आप जानते ही हैं कि अगर सरकार से काम हो तो ज्यादा क्रांति नहीं दिखानी चाहिए। अब मैं चलूं, आज के लेटेस्ट दाम आ गए हैं। अब तो दो इंच और ऊपर चला मैं...'

(ए. जयजीत खबरी व्यंग्यकार हैं। अपने इंटरव्यू स्टाइल में लिखे व्यंग्यों के लिए चर्चित हैं।)

सोमवार, 28 जून 2021

Political_Rumour_with_Humour : यह कैसी अफवाह? ...... पेट्रोल पर कांग्रेस जागी, राहुल ने लिखी चिट्ठी।

 

petrol-price-hike-satire-jokes, rahul jokes, congress jokes, राहुल पर जोक्स, पेट्रोल पदार्थों की कीमतों में बढ़ोतरी व्यंग्य


By Jayjeet

आप इसे कोरी अफवाह मान सकते हैं। अफवाह यह है कि अंतत: कांग्रेस के वर्चुअल अध्यक्ष ने पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर भाजपा अध्यक्ष को एक चिट्ठी लिख मारी है। यकीन नहीं हो रहा ना कि कांग्रेस आखिर इस मुद्दे पर जाग कैसे गई? इसीलिए ये सबकुछ अफवाह जैसा ही लग रहा होगा। तो पढ़ लीजिए ये चिट्ठी। यह राहुल के स्टेटस से मेल खाती है।

प्रति
श्री जे.पी. नड्डा
राष्ट्रीय अध्यक्ष, बीजेपी

विषय : पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के खिलाफ कांग्रेस का राजनीतिक प्रस्ताव।

महोदय,

सेवा में नम्र निवेदन है कि इस समय देश में पेट्रोल-डीजल के दामों में अभूतपूर्व बढ़ोतरी हो रही है। आप जानते ही हैं कि मुख्य विपक्षी पार्टी होने की मजबूरी के चलते हम पेट्रोल-डीजल जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे की चाहकर भी अनदेखी नहीं कर सकते। इस मुद्दे पर सरकार का विरोध करने के लिए हम पर काफी नैतिक दबाव है। इसलिए गत दिनों 10 जनपथ रोड पर पार्टी की आयोजित एक अहम बैठक में इस पूरे मसले पर गहन विचार-विमर्श किया गया।

मैं इस पत्र के माध्यम से सूचित करना चाहता हूं कि इस अहम बैठक में पार्टी ने जीरो के मुकाबले तीन मतों से एक राजनीतिक प्रस्ताव पारित किया है। प्रस्ताव के अनुसार, चूंकि आप सात साल पहले ज्यादातर समय तक विपक्ष में रहे। पेट्रोल के जरा से दाम बढ़ने पर आसमान सिर पर उठा लेने का आपको पुराना अनुभव रहा है। ऐसे कठिन समय में पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में बढ़ोतरी के मामले में आपको देशहित में अपने इस अनुभव का समुचित उपयोग करते हुए विरोध प्रदर्शन करने की जिम्मेदारी लेनी चाहिए। ऐसा करना न केवल आपका राष्ट्रीय कर्म व सियासी धर्म है, बल्कि नैतिक दायित्व भी है।

पार्टी ने जीरो के मुकाबले तीन मतों से यह भी निर्णय लिया है कि समय मिलने पर हम भी कुछ कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को आपके द्वारा आयोजित किए जाने वाले एक या दो विरोध प्रदर्शनों में शामिल होने के लिए प्रेरित करेंगे। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि प्रदर्शन के लायक कांग्रेसी कार्यकर्ता मिलते ही हम तुरंत उन्हें देशसेवा में झोंक देने के लिए तत्पर होंगे।

आपको फिर याद दिला दूं कि अगर इस कठिन समय में भी ओछी राजनीति करते हुए आप इतने महत्वपूर्ण मुद्दे की अनदेखी करते रहे और सड़कों पर नहीं निकले तो देश के साथ इससे बड़ा विश्वासघात और कुछ और नहीं होगा। विरोध प्रदर्शन आयोजित न कर पाने की स्थिति में आप इस पत्र को ही कांग्रेस पार्टी की ओर से भर्त्सना पत्र की तरह मानने का कष्ट करें। 

आपका तो हरगिज नहीं...

राहुल

(Disclaimer : हम इस चिट्ठी की सत्यता की पुष्टि नहीं करते हैं। बस चिट्ठी के सीधे-सादे नेचर से यह राहुल की प्रतीत होती है। कांग्रेस पर यह मजाक भी हो सकता है। उसके साथ वैसे भी इन दिनों बड़ा मजाक हो रहा है।)

(ए. जयजीत खबरी व्यंग्यकार हैं। अपने इंटरव्यू स्टाइल में लिखे व्यंग्यों के लिए चर्चित हैं।)

 

बुधवार, 23 जून 2021

Satire : तीसरा मोर्चा और मोनालिसा की मुस्कान!

monalisa-smile-political-satire

By Jayjeet

हाल ही में कुछ अखबारों में दो खबरें एक साथ छपीं। एक, गैर भाजपाइयों-गैर कांग्रेसियों का तीसरा मोर्चा बनाने के प्रयासों की खबर थी। दूसरी खबर थी- मोनालिसा की पेंटिंग की एक कॉपी ढाई करोड़ रुपए में बिकी। मोनालिसा ऐसी पेंटिंग है, जिसकी दुनियाभर में भर-भरकर कॉपी हुई है। आज तो खुद लियोनार्दों दा विंची उन्हें देखकर चकमा खा जाए कि उनकी वाली कौन-सी है। आजकल की नकली तो असली वाली से भी ज्यादा असली ही लगेगी। विंची को इस बात का मुगालता हो सकता है कि वे शायद मुस्कान से अपनी वाली मोनालिसा को पहचान जाएंगे। पर मुस्कानों का क्या! उन्हें कॉपी-पेस्ट करना भी कहां मुश्किल है।
खैर, वापस उन्हीं दोनों खबरों पर आते हैं। तीसरे मोर्चे की खबर आई तो लीजिए, मोनालिसा भी आ गई। अब मोनालिसा है तो मुस्कुराएगी ही। पवार साहब शिकायत कर सकते हैं कि देखिए, मीडियावाले सब मिले हैं जी। हमारे प्रयासों पर हंसने वाला कोई और नहीं मिला तो साथ में मोनालिसा की पेेंटिंग लगा दी। लेकिन मोनालिसा तो मुस्कुराती है, हंसती नहीं। मुस्कान तो पॉजिटिविटी लाती है। तो शिकायत क्यों? लेकिन एनसीपी सुप्रीमो अंदर से जानते हैं कि मोनालिसा तीसरे मोर्चे के प्रयासों पर मुस्कुरा तो नहीं सकती। हंस ही सकती है। अब अगर पवार साहब जैसे सीजन्ड लीडर को यह लगता है तो हम सब को भी मान लेना चाहिए कि मोनालिसा हंस ही रही होगी। यह तीसरे मोर्चे के अतीत में हुए हश्र को देखकर पवार साहब के अंदर का वह डर बोल रहा है जो उसके भविष्य को लेकर है।
लेकिन मोनालिसा केवल मुस्कुराती नहीं है, अद्भुत रूप से मुस्कुराती है। कला पारखी कहते हैं कि मोनालिसा की मुस्कान अद्भुत ही नहीं, रहस्यमयी भी हैै। अगर हम कला पारखी नहीं हैं तो हमें बगैर ज्यादा सोचे-विचारे मान लेना चाहिए कि मोनालिसा की मुस्कान वाकई बहुत ही अद्भुत है। रहस्यमयी भी होगी ही। जहां कुछ पता न हो, वहां तर्क-वितर्क करना केवल नेताओं को ही शोभा देता है। जैसे पवार साहब कह सकते हैं कि मोनालिसा मुस्करा नहीं रही है, वह तो हंस रही है, वगैरह वगैरह...। हालांकि पवार ने ऐसा कहा नहीं है। वे वैसे भी बहुत कम कहते हैं। उनका कम कहना ही ज्यादा रहस्यमयी रहा है। बनने वाले कथित तीसरे मोर्चे की बैठक में महाराष्ट्र में सरकार चला रहे दो अन्य साथी दलों के नेता तो न्यौते नहीं गए। अब यह क्या कम रहस्यमयी नहीं है? यह राजनीति की अमूर्त कला है जिसे समझ में न आने पर भी समझा हुआ मानकर आगे बढ़ जाना चाहिए। इसी से हम कला के पारखी कहला सकते हैं।
तो हम वही करते हैं। लो आगे बढ़ गए जी...। राजनीति से ही आगे बढ़ गए। मन की बात सुन मोनालिसा मुंह बिचकाकर-बिचकाकर कितना मुस्कुराएगी या कांग्रेस के वर्चुअल लीडर के ट्वीट्स को पढ़कर पेट पकड़-पकड़कर कितने ठहाके लगाएंगी, हम इन तमाम गैर जरूरी बातों से ही आगे बढ़ जाते हैं। बात केवल मोनालिसा की मुस्कान की करते हैं।
यह मानने के बाद कि मोनालिसा की मुस्कान वाकई बड़ी अद्भुत है, चलिए मान लीजिए रहस्यमयी भी है तब भी यह सवाल मेरे मन में शुरू से रहा है कि क्या वाकई मोनालिया मुस्कुरा रही है? और फिर क्या वह सदियों से ऐसे ही मुस्कुरा रही है? उसको इस दुनिया में आए करीब पांच सौ साल हो गए हैं। तो क्या इन पांच सौ सालों से वह यूं ही मुस्कुराते मुस्कुराते थकी नहीं है? हमारे यहां तो नकली मुस्कान का थेगला लगाए दिग्गज नेता चुनाव प्रचार खत्म होते-होते ही थक जाते हैं। तो मोनालिया क्यों न थकी?
इसमें मोनालिसा का कोई हाथ नहीं है। मोनालिसा को मुस्कान तो आर्टिस्ट ने ही दी होगी। आखिर वह ऐसा कौन-सा खुशी का पल था जिसके वशीभूत होकर आर्टिस्ट ने इसके अधरों पर मुस्कान का स्ट्रोक हमेशा-हमेशा के लिए फेर दिया था? क्या आर्टिस्ट उस समय किसी बहुत मलाईदार पद पर विराजमान था? या उसके किसी भतीजे या साले को माइनिंग का कोई बड़ा ठेका मिल गया था? या फिर क्या उसे किसी कारपोरेशन के अध्यक्ष पद का आश्वासन मिल गया था? ऐसा क्या था? या माफ करना, वह किसी रात शराब के नशे में इतना डूब गया था कि उसे याद ही ना रहा कि मोनालिसा के चेहरे पर मुस्कान को उसने कब स्थाई भाव दे दिया? इतना अन्याय!
सच क्या था, यह विंची साहब ही जानें। पर वे तो चले गए, लेकिन बेचारी मोनालिसा को हमेशा के लिए रहस्यमयी मुस्कान के आवरण में रहने का श्राप दे गए। हर हाल में मुस्कुराना मोनालिसा की जिंदगी की मजबूरी बन गई। बीते 500 सालों में बेचारी मोनालिसा ने क्या-क्या नहीं देखा होगा? यहूदियों पर हिटलर के अत्याचार, अमेरिका के परमाणु हमले में गलते जापानियों के शरीर, अफ्रीकी देशों में भूख से मिट्टी खाने को मजबूर बच्चे। तब से लेकर अब तक न जाने कितने अकाल आए, न जाने कितनी महामारिया आईं, कितने युद्ध लड़े गए, लेकिन मोनालिसा को तो हर हाल में मुस्कुराना ही था। भले ही पवार साहब लाख शिकायत कर लें, मुस्कुराना मोनालिसा की मजबूरी है। अब चाहे तो उसे हंसी मान लीजिए।
मोनालिसा की इस पीड़ा को समझने का प्रयास कीजिए। जिस समय दरिंदों के हाथों निहत्थी निर्भया की लुटी जा रही अस्मत मानवता के चेहरे पर बदनुमा दाग बनने की प्रक्रिया में थी, उस समय भी मुस्कुराना मोनालिसा की मजबूरी थी। गंगा नदी में बहते सैकड़ों शवों को या ऑक्सीजन के अभाव में दम तोड़ते असहाय लोगों को देखकर भी मोनालिसा मुस्कुराई ही होगी। हां, इनसे मुंह चुराकर मुस्कुराई होगी। समस्या से मुंह मोड़कर आप कुछ भी कर सकते हैं, मुस्कुरा भी सकते हैं। जलते हुए रोम की ओर से मुंह फेरकर बांसुरी बजाते हुए नीरो भी हो मुस्कुरा ही रहा होगा। बांसुरी बजाते-बजाते कोई रोता है भला! ऐसा तो हुआ नहीं होगा कि नीरो बांसुरी बजा रहा है और उसकी आंखों से टप-टप आंसू भी गिर रहे हैं।
तो मोनालिसा के लिए मुस्काना उसकी मजबूरी है, पर उसकी मुस्कान रहस्यमयी भी है। कला के ज्ञानी कहते हैं कि उसका एंगल बदलकर देखिए। एंगल बदलते ही मुस्कान की आब कमजोर हो जाती है और कहीं-कहीं तो मुस्कान गायब भी हो जाती है। अब यह एंगल ढूंढने वाला मामला बन गया। मामला पूरा की पूरा सब्जेक्टिव हो गया। कला में अक्सर यही होता है और राजनीति में तो इससे भी ज्यादा होता है।
मोनालिसा की मुस्कान का यह पूरा प्रकरण दिन दहाड़े रोशनी का है। रोशनी में मुस्कुराती है, शायद हंसती है, शायद ठहाके भी लगाती है। पर क्या पता वह रात को रोती हो? क्या किसी ने उन्हें अंधेरे में देखा है? अब इस बात पर पवार साहब खुश होंगे कि नाखुश?

(ए. जयजीत खबरी व्यंग्यकार हैं। अपने इंटरव्यू स्टाइल में लिखे व्यंग्यों के लिए चर्चित हैं।)

गुरुवार, 17 जून 2021

Satire : सत्ता का हाथी और छह आधुनिक अंधे!

 

Blind-men-and-an-elephant-satire, छह अंधे और हाथ की कहानी

By Jayjeet

बात बहुत पुरानी है। बात जितनी पुरानी होती है, उतनी ही भरोसेमंद भी होती है। तो यह भरोसेमंद भी है। किसी जमाने में छह अंधे हुआ करते थे। अंधे तो उस जमाने में और भी बहुत थे, लेकिन एक हाथी ने उन अंधों को अंधत्व के इतिहास में अमर बना दिया। अमर होने का फायदा यह होता है कि आप किसी भी बात को उसकी अमरता पर लाकर खत्म कर सकते हैं। यह बात नेहरू-गांधी के अनुयायियों से बेहतर भला और कौन जान सकता है? तो इन छह अंधों की बात भी हाथी की ऐतिहासिक व्याख्या पर आकर खत्म हो गई। बात भले खत्म हो गई हो, लेकिन अंधत्व की वह परम्परा खत्म नहीं हुई। वैसे यहां कोई राजनीति न ढूंढें, हम वाकई अंधों की ही बात कर रहे हैं। तो बगैर ब्रेक के बढ़ाते है वही बात, अंधों की बात।

तो हुआ यूं कि उन छह अंधों के छह आधुनिक वंशज हाल ही में किसी वेबिनार में मिल गए। चूंकि वे अपने पूर्वजों की अमर परम्परा को जीवित रखने के लिए ही अवतरित हुए थे, ऐसा उन्हीं का मानना था। तो उन्होंने दो काम किए। एक, वे अंधे बने रहे और दूसरा, उन्होंने भी हाथी की व्याख्या करने के अपने पुरखों के पुनीत काम को ही आगे बढ़ाने का फैसला किया। पुरखों का काम आगे बढ़ाने का सबसे बड़ा फायदा यह होता है कि कुछ नया नहीं करना पड़ता है। नुकसान केवल पुरखों का नाम डूबने के खतरे के रूप में होता है। पर चूंकि पुरखे जा चुके होते हैं। तो यह खतरा अक्सर लोग और यहां तक कि पॉलिटिकल पार्टियां भी उठा लेती हैं। 

तो जैसा कि पहले बताया, ये छह अंधे एक वेबिनार में मिले। नए जमाने के नए अंधे। तो हाथी को जंगल में खोजने की मशक्कत करने के बजाय उन्होंने उसे गूगल पर ही खोजने का निर्णय लिया। गूगल का फायदा यह भी होता है कि वह गलत खोजों को भी करेक्ट कर देता है। जैसे इन छह अंधों द्वारा "Elephent' लिखकर सर्च करने पर भी गूगल ने स्पेलिंग ठीक कर ढेरों हाथी सामने पटक दिए। छोटे-बड़े, आड़े-टेढ़े, पस्त और मदमस्त। उन्होंने बहुमत से एक मदमस्त हाथी चुन लिया। हालांकि उन्होंने वही हाथी क्यों चुना, इस बारे में उन्हें कुछ पता नहीं था। बस चुनना था तो चुन लिया। लेकिन खुशी तो उनके चेहरे पर ऐसी थी मानो सरकार चुन ली। दिखावा तो एेसा कि क्या समझ-बूझकर हाथी चुना। चूंकि वे वोर्टस भी थे तो उन्हें ऐसा हाथी चुनने में अपने मतदान का अनुभव काम आया।

खैर हाथी का चुना जाना ज्यादा महत्वपूर्ण था। उन्होंने जो हाथी चुना था, वह शायद उनके चुने जाने से पहले ही मदमस्त था। वह सत्ता का हाथी था जो इन दिनों ट्विटर, वाट्सऐप के पीछे-पीछे गूगल के बाड़े में भी आ धमका था और इसीलिए उन अंधों को वह गूगल पर ही चरते हुए मिल गया। सत्ता का वर्चुअल हाथी उनके सामने तो था, लेकिन उसे न देख पाना उनकी परंपरागत मजबूरी थी।

खैर, अंधों ने वर्चुअल हाथी की वर्चुअल व्याख्या शुरू की, क्योंकि हमने भी तो बात उस व्याख्या के लिए ही शुरू की थी।

पहला अंधा वर्चुअल हाथी के पेट पर अपने कम्प्यूटर माउस का कर्जर रखते ही बोला। अरे यह तो दीवार है। वोटों के लिए हिंदुओं-मुस्लिमों के बीच खींची हुई दीवार।

अब दूसरे अंधे ने अपने माउस का कर्जर हाथी के मुंह की तरफ मोढ़ा। सूंड पर पहुंचते ही बोला, - नहीं जी, यह दीवार नहीं, यह तो सांप है। विष वमन करने वाला सांप, धर्म के नाम पर तो कभी पाकिस्तान के नाम पर।

तीसरे अंधे के माउस का कर्जर हाथी की पूंछ के पास पहुंचा। उसे महसूस करके बोला, - यह रस्सी है, ऐसी रस्सी जो सत्ता में ऊपर चढ़ने के भी काम आए और विरोधियों का गला कसने के भी।

अब चौथे की बारी थी। चौथे अंधे ने हाथी के कानों को छूआ तो बोला, अबे, यह तो सूपड़ा है। जो काम का न हो, उसे झटक देता है। 75 साल के बूढ़ों को साफ करने में यह ज्यादा काम आया।

पांचवें अंधे के माउस का कर्जर हाथी के पैर के पास पहुंचा तो ऐसा उत्साह से भर गया मानो हाथी का रहस्य उसी ने ढूंढ़ लिया हो। वह चिल्लाने ही वाला था कि यकायक चुप हो गया। बाकी के अंधे 'क्या क्या' करते ही रह गए, पर वह न बोला तो न बोला। शायद वह अकल से अंधा न था।  

छठे ने अब ज्यादा इंतजार करना ठीक न समझा। वह अपने आप को ज्यादा बुद्धिमान तो नहीं, लेकन दूसरों को मूर्ख जरूर समझता था। उसने सोचा, बहुत बकवास हो गई। सब घिसी-पिटी बात कर रहे हैं। मैं देखता हूं। उसने हाथी के दांतों तक अपने माउस का कर्जर पहुंचाया और धीरे से बोला, ‘अरे मूर्खों, यह तो बांसुरी है, बांसुरी। यह वही बांसुरी है, जो कभी नीरो बजाया करता था।’

पांचवें को छोड़कर बाकी सभी अंधों ने चिल्लाकर कहा, अरे हां, कुछ दिन पहले यही बांसुरी तो हमने सुनी थी। क्या सुंदर धुन थी। अब वे आंखों से अंधे थे, कानों से बहरे थोड़े ही थे। तो वह सुंदर धुन तो सबने सुनी ही थी, पांचवें वाले ने भी।

अब फिर से पुराने जमाने की कहानी में लौटते हैं। पूर्वजों द्वारा हाथी की व्याख्या में तो वह हाथी कन्फ्यूज हो गया था। लेकिन सत्ता के इस मदमस्त हाथी को कोई कन्फ्यूजन नहीं है। नतीजा : एक अंधे को छोड़कर बाकी सभी धारा 124 के तहत जेल में चक्की पीस रहे हैं। पांचवें अंधे ने हाथी की इमेज को दुरुस्त करने के लिए उसका सोशल मीडिया अकाउंट संभाल लिया है।

(ए. जयजीत खबरी व्यंग्यकार हैं। अपने इंटरव्यू स्टाइल में लिखे व्यंग्यों के लिए चर्चित हैं।)

गुरुवार, 13 मई 2021

Humor : नीरो की बंशी को लेकर नया खुलासा, बदलनी पड़ेगी अब इतिहास की किताबें!

nero,nero ki bansi,nero ki bansi satire humor, नीरो, नीरो की बंशी, आज के नीरो, नीरो की बंशी व्यंग्य, राजनीतिक कटाक्ष, political satire, जांच कमेटियों पर व्यंग्य, जब रोम जल रहा था

 

By Jayjeet

रिपोर्टर तो अक्सर गढ़े मुर्दों की तलाश में रहते ही हैं। एक दिन ऐसे ही एक मुर्दा तलाशते-तलाशते रिपोर्टर के हाथ लग गई एक खास बंसी, जिस पर लिखा था- मेड इन रोम। उससे थोड़ी हाय-हेलो हुई तो पता चला कि यह वही ऐतिहासिक बंसी है जो कभी नीरो ने बजाई थी। अब इतनी कीमती चीज हाथ लगी हो तो रिपोर्टर एक्सक्लूसिव इंटरव्यू का मौका कैसे छोड़ सकता था। पढ़िए उसी इंटरव्यू के मुख्य अंश...

रिपोर्टर : जब रोम जल रहा था, तब आप कहां थीं?

नीरो की बंसी : नीरो जी के हाथों में।

रिपोर्टर : तो मतलब यह बात सही है ना कि जब रोम जल रहा था, तब नीरो बंसी ही बजा रहे थे?

बंसी: हां, लेकिन यह पूरा सच भी नहीं है।

रिपोर्टर: पर इतिहास में भी यही लिखा है कि....

बंसी: आपने इतिहास में जो पढ़ा है, वे केवल आरोप हैं जो उस समय नीरो जी के विरोधियों ने लगाए थे। मीडिया ट्रायल में उन्हें दोषी मान लिया गया और वही इतिहास का हिस्सा हो गया।

रिपोर्टर: लगता है आप नीरो की बड़ी भक्त रही हैं।

बंसी: भक्ति, चमचागीरी तो आपके यहां की महामारियां हैं जी। मैं तो तथ्यों के प्रकाश में यह बात कर रही हूं।

रिपोर्टर: तो तथ्य ही बताइए, पहेलियां बहुत हो गईं।

बंसी: तो सुनिए। जिस समय रोम जल रहा था, उस समय मैं नीरो के पास ही थी। वे वैसे ही बंसी वादन कर रहे थे, जैसा अभी आपके यहां हो रहा है। लेकिन आपके और हमारे यहां जो अंतर है, वह विपक्ष का है। हमारे यहां का विपक्ष एग्रेसिव था, आपके यहां जैसा नहीं कि बस दो-चार चिटि्ठयां लिख दो, ट्विट कर दो, हो गई विपक्षगीरी। तब हमारे यहां विपक्षियों ने रोम की गली-गली गुंजा दी थी - इस्तीफा दो इस्तीफा दो, बंसी वादक नीरो, इस्तीफा दो।

रिपोर्टर : सही तो था। पूरा रोम जल गया तो इस्तीफा तो बनता ही था।

बंसी:
 इस्तीफा इसलिए नहीं मांगा गया था कि रोम जल गया था। रोम की किसको चिंता थी? चिंता का विषय तो केवल यह था कि नीरो जी बांसुरी क्यों बजा रहे थे?

रिपोर्टर: उफ, मतलब सदियां बीत जाती हैं, लेकिन राजनीति नहीं बदलती। हमारे यहा, आपके यहां सब शेम टू शेम... अच्छा, आगे बताइए, फिर क्या हुआ? इस्तीफा दिया?

बंसी: अब ऐसे छोटे-मोटे मामलों मंे इस्तीफा कैसे दे दें? पर विपक्ष का भी तो मुंह बंद करना था। तो सरकार ने बंसी कांड की जांच के लिए तीन सदस्यों की एक जांच समिति बैठा दी ।

रिपोर्टर: तो जांच समिति ने अपनी जांच में क्या कहा?

बंसी: लंबे समय तक तो मामले की जांच ही नहीं हो पाई।

रिपोर्टर: क्यों?

नीरो: दरअसल जांच समिति के सदस्यों ने अपने घर से ऑफिस और ऑफिस से घर आने-जाने तथा अपनी पत्नियों के लिए बाजार जाने के वास्ते एयरकंडिशनर रथों की मांग कर दी। अब जब तक इनके पास अपना वाहन न हों, वे जांच कर भी कैसे सकते थे।

रिपोर्टर: हां, रथ की मांग तो जायज थी। तो उनके लिए स्पेशल रथों की व्यवस्था कैसे की गई?

बंसी: यही तो पेंच था। रथों की स्वीकृति उस समय साम्राज्य की सीनेट की उच्चाधिकार प्राप्त समिति से जरूरी थी। इस स्वीकृति में डेढ़ साल लग गया। इसके बाद रथों के लिए टेंडर बुलाए गए। टेंडर एक पार्टी को दे भी दिए गए। लेकिन फिर विपक्ष ने नया आरोप लगा दिया कि टेंडर में भारी घोटाला हुआ है। टेंडर नीरो के भतीजे के नाम पर बनाई गई एक फर्जी फर्म को दे दिए गए थे। इसको लेकर विपक्ष के लोगों ने इतना हंगामा किया कि सरकार को अंतत: झुकना पड़ा। टेंडर निरस्त कर दिए गए। विपक्ष यहीं तक नहीं रुका। उसने टेंडर घोटाले की जांच के लिए एक अलग से कमेटी गठित करने को भी मजबूर कर दिया।

रिपोर्टर: पर उस बंसी जांच समिति का क्या हुआ? रथों का क्या हुआ?

बंसी: समिति के सदस्यों को सरकारी रथ नहीं मिले तो नहीं मिले, लेकिन फिर भी उनके महल रूपी बंगलों में अत्याधुनिक रथ देखे गए, ऐसा लोगों का कहना था। पर मैं मान ही नहीं सकती कि उन्होंेने जांच के दौरान कोई भ्रष्टाचार किया होगा। बहुत ही सज्जन लोग थे तीनों के तीनों। इतने सज्जन कि नीरो के आगे हमेशा हाथ जोड़े खड़े रहते। मैं खुद चश्मदीद रही।

रिपोर्टर: इतनी राम कहानी आपने कह दी। पर मुद्दे की बात तो बताइए, जांच हुई भी कि नहीं? रिपोर्ट आई कि नहीं?

बंसी: जैसा कि हर जांच समिति के लिए रिपोर्ट पेश करना नैतिक दायित्व होता है, तो नीरो बंसी जांच समिति ने भी अपना नैतिक दायित्व पूरा किया। सीनेट के पटल पर बाकायदा रिपोर्ट रखी गई। रिपोर्ट में जांच समिति के माननीय सदस्यों ने सर्वसम्मति से लिखा - 'नीरो पर लगाए गए आरोप तथ्य आधारित प्रतीत नहीं होते। हमारी विस्तृत जांच से पता चलता है कि यह बात सत्य नहीं है कि 'जब रोम जल रहा था, तब नीरो बंसी बजा रहे थे।' सत्य इसके बिल्कुल विपरीत है और सत्य यह है कि 'जब नीरो बंसी बजा रहे थे, तब रोम जल रहा था।' इसलिए इसमें गलती नीरो की नहीं, बल्कि रोम की है। नीरो के बंसी बजाने के मौके पर रोम ने स्वयं आगे आकर जलने का जो आपराधिक कृत्य किया, उसके लिए समिति रोम को कड़ी से कड़ी सजा दिए जाने की अनुशंसा करती है और नीरो को तमाम आरोपों से मुक्त करती है।' नीरो पक्ष ने करतल ध्वनि के साथ रिपोर्ट को मंजूर कर लिया और विपक्ष ने पूरे मामले में एक नई जांच समिति की मांग करते हुए सीनेट की कार्रवाई का बायकॉट कर दिया।

रिपोर्टर : ओह, यह तो बिल्कुल नई ऐतिहासिक जानकारी है।

नीरो की बंसी : जी, और अब अपने इतिहासकारों से भी कहिएगा कि वे किताबों में जरूरी बदलाव करें। जबरन हमारे-तुम्हारे नीरो बदनाम हो गए। अब मैं चलती हूं।

# nero  # nero ki bansi # who is nero


मंगलवार, 6 अप्रैल 2021

Satire & Humor : आखिर देश की आत्मा को मिला चैन…

Rafal , Rafal deal , Rafal deal corruption, political  satire , राफेल , राफेल डील में भ्रष्टाचार, राजनीतिक कटाक्ष, Rafal jokes

 

By Jayjeet

देश की आत्मा बहुत दिनों से बेचैन थी। इसलिए नहीं कि प्राइवेट हॉस्पिटल्स में लूट मची हुई है और सरकारें आंखें बंद करके बैठी हुई हैं। देश की आत्मा को मालूम है कि जहां भी लूट होती है, सरकारों की आंखें सबसे ज्यादा वहीं खुली होती है। एक्सपीरियंस है। तो सरकारों की तरफ से तो देश की आत्मा हमेशा से ही निश्चिंत रही है।

देश की आत्मा इस बात से भी बेचैन नहीं थी कि इतने बड़े-बड़े मसले आ रहे हैं और विपक्ष कुछ नहीं कर रहा है। देश की आत्मा अच्छे से जानती है कि विपक्ष कुछ कर भी नहीं सकता। जैसा भी है बड़ा ही प्यारा सा, मासूम सा विपक्ष है। देश की आत्मा ने विपक्ष की इस मासूमियत को स्वीकार कर लिया है। कोई गिला-शिकवा नहीं। तो विपक्ष की तरफ से भी निश्चिंत है देश की आत्मा।

तो फिर आखिर देश की आत्मा इतनी बेचैन क्यों थी? इसलिए थी कि देश में कोई डील हो और उसमें कोई लेन-देन ना हो, यह कैसे हो सकता था? वह भी हथियारों वाली डील!! जिस देश के कण-कण में एक भगवान* और दो भ्रष्ट लोग बसते हों, वहां ऐसा कैसे संभव है? क्या देश में ऐसा कोई शख्स हुआ है जिसने अपनी दो टके की मोपेड चलाने के वास्ते लाइसेंस बनाने के लिए व्हाया एजेंट टू आरटीओ बाबू अप-टू आरटीओ अफसर चाय-पानी के पैसे ना पहुंचाए हों। फिर यह तो राफेल है जिसकी औकात कम से कम मोपेड से तो ज्यादा ही होगी।

खैर, देर आयद दुरुस्त आयद। भला हो फ्रांसीसी वेबसाइट का जिसने बताया कि रफाल के सौदे में 8 करोड़ रुपए किसी बिचौलिए को दिए गए। अब थोड़ा सुकून मिला। देश की आत्मा को ही नहीं, देश के 130 करोड़ लोगों की आत्माओं को भी। हालांकि सरकार के मंत्री अब भी बेशर्मी पर उतरे हुए हैं। नकार रहे हैं कि ऐसा कुछ ना हुआ जी ... हम सब कुछ सहन कर सकते हैं, लेकिन ऐसी बेशर्मी कदापि नहीं। देश की 130 करोड़ आत्माएं छोड़ेंगी नहीं, हां ...कोई भक्त-वक्त नहीं। आत्माएं सब समान होती हैं।

(* कृपया कोई बुरा न मानें। 'भगवान' में सभी जातियों, उपजातियों, पंथों, समुदायों, धर्मों और खेलों के भगवान शामिल हैं...)

# rafal # rafal deal # rafal deal corruption

शुक्रवार, 5 मार्च 2021

Humor & Satire Video : केजरीवाल ने क्यों पहना भर गर्मी में मफलर? Exclusive Interview में उन्हीं से जानिए इसका सच ...


केजरीवाल ने क्यों पहना गर्मी में मफलर? मौसम विभाग के लिए क्यों इतना अहम है उनका मफलर? इस फनी एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में वे बता रहे हैं इसका सच... देखिए, कार्टून कैरेक्टर्स में बना यह वीडियो...


शनिवार, 27 फ़रवरी 2021

Humor : राहुल ने मोदी पर देश बेचने का लगाया आरोप, अमित शाह ने क्या कहा, जरा सुनिए तो सही...



राहुल गांधी, मोदीजी पर लगातार देश को बेचने का आरोप लगाते जा रहे हैं। इस फनी और व्यंग्य वीडियो में देखिए एक अलग एंगल...

(Disclaimer : यह केवल राजनीतिक व्यंग्य है। किसी की व्यक्तिगत मानहानि का प्रयास नहीं।)

# modi satire # political satire # rahul per jokes

शनिवार, 20 फ़रवरी 2021

Humour : बदल गई मच्छर की जिंदगी, दो दिन से पेल रहा है भाषण पर भाषण

Shivraj singh , Shivraj singh chouhan, Shivraj singh chouhan mosquito, शिवराज सिंह चौहान व्यंग्य , मच्छरों पर जोक्स, मच्छर व्यंग्य, नेताओं पर कटाक्ष, neta per jokes

 

By jayjeet

हिंदी सटायर डेस्क। मप्र के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को सीधी के गेस्टहाउस में मच्छरों द्वारा काटने की जैसे ही खबर आईं, रिपोर्टर कुछ नया करने के जुनून से भर उठा। वह जुट गया उस सौभाग्यशाली मच्छर की तलाश में... कुछ ही घंटों के भीतर उसे गेस्टहाउस के पास मच्छरों का मजमा लगाए एक मच्छर मिला। कुछ समझदार मच्छरों से पूछताछ करने पर पता चला कि दो दिन पहले तक यह ठीक था। लेकिन पिछले दो दिन से यह भाषण पर भाषण पेले जा रहा है। सभी मच्छरानियों को माताएं-बहनें कह रहा है। छोटी-छोटी मच्छरियों से कह रहा है कि जब तक तुम्हारा मच्छर मामा है, तुम्हें चिंता करने की जरूरत नहीं है....रिपोर्टर की तलाश पूरी हो गई थी। उसे वह मिल गया था, जिसने शिवराज सिंह को काटा था। अपाइंटमेंट मिलते ही तुरंत शुरू हुआ यह इंटरव्यू। दुनिया का पहला इंटरव्यू किसी मच्छर के साथ...

रिपोर्टर : मच्छर महोदय, एक विशिष्ट हस्ती के साथ आप रूबरू हुए। उनके साथ कैसा अनुभव रहा?
मच्छर : मेरी पूरी जिंदगी ही बदल गई। एक दिव्य अनुभूति हुई है। आप देख ही रहे हैं, कैसा रूपान्तरण हो गया है मेरा। मेरे मुंह से भाषण पर भाषण फूट रहे हैं।

रिपोर्टर : आप आम आदमी को भी काटते हैं और आपने एक नेता को भी काटा। दोनों में क्या अंतर महसूस हुआ?
मच्छर : देखिए, एक आम आदमी को काटना बड़ा आसान होता है। उसकी चमड़ी तो चमड़ी जैसी होती ही नहीं। बिल्कुल झिल्ली सी। ज्यादा मेहनत नहीं करनी पड़ती। डंक टच करते ही वह चमड़ी को पार कर जाता है। लेकिन नेताओं के साथ बड़ी मुश्किल होती है। बड़ी मेहनत करनी पड़ती है। कई बार हमारे डंक तक टूट जाते हैं। जो नेता का खून पीकर आता है, उसका हमारे यहां बड़ा सम्मान भी होता है। उसे नेता डंकमणि की उपाधि तक दी जाती है।

रिपोर्टर : खून-खून में भी कुछ फर्क होता है?
मच्छर : बिल्कुल। क्वालिटी में अंतर होता है। आम आदमी का खून क्या होता है। बिल्कुल पानी होता है। कुछ भी न्यूट्रिशियस उसमें नहीं होता। और अगर वह आम आदमी और भी टुच्चा-सा हुआ, आई मीन गरीब-गुरबा तो फिर तो कई बार हमारी जान पर बन आती है। गंदा पानी और स्प्रिट मिली कच्ची दारू पीने और रुखी-सूखी दो-चार रोटियां खाने वाले के खून में भला होगा भी क्या! ऐसा दूषित खून पीकर तो कई बार हमारे मच्छर लोग बीमार पड़ गए। हमने तो गर्भवती मच्छरानियों, बूढ़े-बुजुर्गों को झुग्गियों या छोटी बस्तियों में न जाने की हिदायत तक दे रखी है।

रिपोर्टर : पर नेताओं के खून में ऐसा क्या होता है जिसके आप बड़े मुरीद होते हैं?
मच्छर : देखिए, जैसा मैंने पहले बताया कि नेताओं का खून तो हम बड़ी मुश्किल से पी पाते हैं। हां, सरकारी अफसरों की चमड़ी अपेक्षाकृत थोड़ी पतली होती है। तो उनका खून हमारे लिए मुफीद रहता है। अच्छा तरी वाला खून होता है। शुद्ध घी, ऑर्गनिक सब्जियों और ड्राय-फूट्स के फ्लेवर होते हैं। तो हम सब उन्हीं का खून पीने को लालायित रहते हैं। कई बार तो हमारे यहां अफसरों का खून पीने को लेकर डंक तक चल गए, वो आपके यहां क्या कहते हैं, तलवारें चलना, वही समझ लो...

रिपोर्टर : पर अफसरों का खून भी इतनी आसानी से मिल जाता है?
मच्छर : वही तो कह रहा हूं कि एक अनार सौ बीमार जैसी स्थिति है। जैसे आम जनता का कैबिन में बंद अफसर से मिलना इतना आसान नहीं रहता , वैसे ही रात को मच्छरदानियों में बंद अफसरों का खून मिलना आसान नहीं रहता। .... अच्छा अब मैं चलता है। मुझे अगला भाषण देने पड़ोस की बस्ती में जाना है....

रिपोर्टर : बस आखिरी सवाल, इतनी चाक-चौबंद व्यवस्था के बीच आखिर आप एक मुख्यमंत्री के कक्ष में कैसे पहुंच गए?
मच्छर : जैसे हर सिस्टम में छेद होते हैं, वैसे ही हर मुख्यमंत्री के कक्ष में कुछ ऐसे छिद्र होते हैं जहां से हम पहुंच जाते हैं। बस पहुंचने वाला चाहिए... अच्छा नमस्कार।

(Disclaimer : यह केवल राजनीतिक कटाक्ष है, किसी की व्यक्तिगत मानहानि का प्रयास नहीं।)

इसी पर 30 सेकंड का हास्यास्पद वीडियो देखने के लिए यहां क्लिक करें...

# Shivraj singh # Shivraj singh chouhan, # Shivraj singh chouhan mosquito bite

शुक्रवार, 19 फ़रवरी 2021

Humor & satire : पेट्रोल की बढ़ती कीमतों से मोदी भी परेशान, देशभर में नेहरूजी के पुतले फूंकने की तैयारी



ह्यूमर डेस्क। लगता है पंडित नेहरू की फिर से शामत आने वाली है। इस बार मुद्दा है पेट्रोल के बढ़ते दाम। इस बात का संकेत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस बयान से मिलता है जो उन्होंने गुरुवार को तमिलनाडु के लिए तेल और गैस परियोजनाएं शुरू करते समय दिया। उन्होंने कहा कि अगर पूर्ववर्ती सरकारें (यानी नेहरू से लेकर मनमोहन सिंह तक, माइनस अटल सरकार) ऊर्जा के लिए आयात पर इतनी निर्भर नहीं होतीं तो देश में तेल की कीमतें इतनी नहीं बढ़ती।

भाजपा के करीबी सूत्रों के अनुसार पेट्रोल की लगातार ऊंची होती कीमतों पर जिस तरह से जनता नाराजगी जता रही है, उसने पार्टी से लेकर सरकार तक सभी को चिंतित कर दिया है। सूत्रों केअनुसार मोदी के इस बयान के बाद पार्टी ने बड़ी तादाद में पंडित नेहरू के पुतले खरीदने की तैयारी शुरू कर दी है। खुद मोदीजी ने संकेत दिए हैं (देखें वीडियो) कि जल्दी ही पेट्रोल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ भाजपा के कार्यकर्ता सड़कों पर प्रदर्शन करेंगे। इनमें नेहरूजी के पुतलों का भी इस्तेमाल किया जाएगा।

(Disclaimer : यह एक व्यंग्य वीडियो है जिसमें कार्टून्स का इस्तेमाल किया गया है।)

# petrol # petrol jokes #petrol satire

सोमवार, 15 फ़रवरी 2021

Humor Video : राहुल गांधी ने दिया जब मोदी-शाह को तगड़ा जवाब...





राहुल गांधी ने रविवार को असम का दौरा क्यों किया, नरेंद्र मोदी और अमित शाह खुशी से झूम उठे। ऐसा क्यों? और राहुल न कैसा दिया तगड़ा जवाब, देखिए यह फनी वीडियो...

गुरुवार, 28 जनवरी 2021

Political Cartoon Video : कांग्रेस को क्यों है बजट से उम्मीदें?




वित्त वर्ष 2021-22 का बजट आने वाला है। वैसे तो किसी भी बजट से किसी विपक्षी पार्टी को कोई उम्मीद नहीं रहती है, लेकिन इस बार कांग्रेस को अपने राहुल बाबा की वजह से खास उम्मीद है। 

शनिवार, 9 जनवरी 2021

Satire : मंत्री बने हैं तो कोई सम्मानजनक घोटाला कीजिए...आखिर हमने वोट क्यों दिया?




हाल ही में मप्र के एक मंत्री प्रभुराम चौधरी ने अपनी अफसर पत्नी को प्रमोट करने में तमाम नियम-कायदों को ताक पर रख दिया। इस पर कटाक्ष करता हुआ है यह वीडियो...


शुक्रवार, 25 दिसंबर 2020

Satire : ठंड क्यों हो रही है कांग्रेस?



ठंड अब तक उस तरह से नहीं गिरी है, जैसी गिरनी चाहिए। तो क्या ठंड कांग्रेस हो रही है? आखिर दोनों की तुलना क्यों हो रही है? और इसमें भाजपा का क्या रोल है? देखिए यह व्यंग्य वीडियो News-Pachchi में.. 


यह वीडियो भी देखिए... पप्पू, मोटा भाई, बाबाजी और सरकार… कैसे सबकी उड़ी धज्जियां



Satire : पप्पू, मोटा भाई, बाबाजी और सरकार… कैसे सबकी उड़ी धज्जियां



इस वीडियो में बात-बात में राहुल गांधी, अमित शाह, बाबा रामदेव, सरकार की धज्जियां उड़ाई गई है। कुल मिलाकर आज की राजनीतिक व्यवस्था पर व्यंग्य है यह वीडियो…

In this video, we did satire on Rahul Gandhi, Amit Shah, Baba Ramdev and the government. Overall, this video is a satire on today’s political system …

यह वीडियो भी देखिए... ठंड क्यों हो रही है कांग्रेस?


मंगलवार, 10 नवंबर 2020

Satire : कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग से की ‘कांग्रेस आरक्षित सीटों’ की मांग

bihar results,jokes on congress , rahul gandhi
निवार्चन आयोग के दफ्तर जाते राहुल गांधी।
By Jayjeet

नई दिल्ली। कांग्रेस ने बिहार विधानसभा चुनावों में हुई हार से बड़ा सबक लेते हुए आने वाले तमाम चुनावों में अपने लिए सीटें आरक्षित करने की मांग की है। इस संबंध में मंगलवार रात को ही पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त से मिलकर अपना मांग-पत्र सौंपा।

बिहार विधानसभा चुनावों में बमुश्किल डेढ़ दर्जन सीटें जीतने के बाद यहां मंगलवार की रात को कांग्रेस कोर कमेटी की एक आपातकालीन बैठक हुई। बैठक में कई वरिष्ठ नेताओं का मानना था कि अगर लोकसभा चुनाव सहित सभी राज्यों की विधानसभा सीटों के लिए कांग्रेस पार्टी के लिए कुछ सीटें आरक्षित कर दी जाएं तो इससे भारत की सबसे पुरानी राजनीतिक विरासत को बचाना संभव हो सकेगा। अगर निर्वाचन आयोग ने कांग्रेस की यह मांग मान ली तो जिस तरह एससी/एसटी सीटों पर केवल इन्हीं वर्गों के लोग चुनाव लड़ सकते हैं, उसी तरह कांग्रेस आरक्षित सीटों पर भी कांग्रेसियों को ही चुनाव लड़ने की अनुमति होगी।

पार्टी को उम्मीद है कि अगले साल बंगाल विधानसभा चुनावों से यह नई व्यवस्था लागू हो जाएगी। सूत्र ने बताया कि अगर निर्वाचन आयोग इस संबंध में कोई फैसला नहीं लेता है तो कांग्रेस व्यापक जनांदोलन छेड़ देगी। 

# bihar results , # jokes on congress


रविवार, 16 अगस्त 2020

Humour : बाइडेन से पीछे चल रहे ट्रम्प ने अब राहुल गांधी से मांगी मदद, क्यों और कैसे? पढ़िए यहां

Trump Rahul Gandhi humor ट्रम्प राहुल गांधी जोक्स

By Jayjeet

वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति चुनावों में अब पांच माह से भी कम का वक्त बचा है। हाल ही में हुए कई सर्वे में प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रम्प अपने प्रतिद्वंद्वी जो बाइडेन से पीछे चल रहे हैं। ऐसे में ट्रम्प ने अब राहुल गांधी से मदद लेने की योजना बनाई है। इस बीच, ट्रम्प की इस योजना की भनक लगते ही बाइडेन के खेमे में अफरातफरी का माहौल है।

क्या है ट्रम्प का ट्रम्प कार्ड? 
ट्रम्प की कोर टीम द्वारा बनाए गए प्लान के अनुसार राहुल गांधी अगले तीन माह तक अमेरिका में रहकर बाइडेन के पक्ष में जोरदार चुनावी रैलियां करेंगे। इसके अलावा वे ट्विटर पर एक्टिव रहकर रोजाना ट्रम्प से एक सवाल भी पूछेंगे। ट्रम्प के योजनाकारों के अनुसार इससे एक माह के भीतर ही ट्रम्प के खिलाफ बना माहौल पक्ष में हो जाएगा और चुनाव आते-आते वे क्लीन स्वीप करने की स्थिति में आ जाएंगे।

विरोधी खेमे में अफरातफरी, सदमे में बाइडेन
ट्रम्प की इस योजना की भनक लगते ही बाइडेन के खेमे में सन्नाटा खींच गया है। वहां से आ रही खबरों के अनुसार अगर ट्रम्प अपनी इस योजना में सफल हो गए तो बाइडेन के लिए चुनाव जीतना तो दूर, अपनी जमानत तक बचाना मुश्किल हो जाएगा। अपुष्ट सूत्रों के अनुसार इससे बाइडेन गहरे सदमे में पहुंच गए हैं।

राहुल ने पूछा, कौन हैं बाइडेन?
इस बीच बाइडेन के लिए एक राहत की खबर भी है। राहुल गांधी के करीबी सूत्रों के अनुसार ट्रम्प के इस प्रस्ताव के जवाब में राहुल ने पूछ लिया कि ये बाइडेन कौन हैं? राहुल के करीबी निजी सचिव कहा, 'राहुल भैया तब तक किसी के पक्ष-विपक्ष में नहीं बोलते, जब तक कि वे खुद उनके बारे में गूगल से पुख्ता जानकारी नहीं ले लेते।' ऐसे में बाइडेन खेमे को उम्मीद है कि पुख्ता जानकारी लेते-लेते अमेरिकी चुनाव ऐसे ही गुजर जाएंगे।

#rahul_jokes #trump_jokes

यह भी पढ़ें :  देवउठनी एकादशी के बाद खत्म हो जाएगी कोरोना की सारी अकड़, एक अदद कोरोनी की तलाश



गुरुवार, 30 जुलाई 2020

Humor : जब राफेल से मिलने पहुंच गए राहुल, जानिए फिर क्या हुई बातचीत

राफेल राहुल जोक्स, rahul rafel jokes

By Jayjeet
अंबाला। लंबे सफर के बाद एक लंबी नींद। नींद के बाद जैसे ही राफेल ने आंखें खोलीं, उसे सामने एक शख्स नजर आया। चेहरे पर मास्क था। इसलिए पहचानने में थोड़ी दिक्कत हुई। लेकिन राफेल कुछ बोले, उससे पहले ही उसे आवाज सुनाई दी- राफेल भैया, नमस्कार।
अब राफेल को पहचानने में देर ना लगी- अच्छा राहुल भैया आए हैं। और सुनाओ, कैसे आना हुआ।
राहुल : बस भैया, आपका नाम बहुत सुना था, तो सोचा खुद ही मिल आऊं..
राफेल : नाम तो मैंने भी आपका बहुत सुन रखा है।
राहुल : अच्छा! क्या सुन रखा है मेरे बारे में?
राफेल : एक तो यह कि आप सवाल बहुत पूछते हों और सवाल पूछने के चक्कर में आपने एक बार यह सवाल भी पूछ डाला था कि राफेल नडाल पर सरकार इतना खर्च करने क्यों जा रही है?
राहुल : हां, याद आया। वो शुरू में हमारे सलाहकारों ने कुछ कन्फ्यूज कर दिया था। हमें लगा था कि सरकार देश में करोड़ों खर्च कर टेनिस प्लेयर राफेल नडाल को ला रही है। इस सरकार का कुछ भरोसा नहीं...
राफेल : भई, सरकार की तो हम ना जानें, हमें तो फ्रांस सरकार ने कहा कि इंडिया जाना है तो चले आए। पर आप मुझसे मिलने यहां क्यों चले आए?
राहुल : राफेल भैया, सबसे पहले तो हम आपको पोलाइटली क्लियर कर दें कि सवाल पूछने का काम हमारा है। पर आप हमारे मेहमान हैं तो आपके सवाल का जवाब दे देते हैं। हम तो बस ये पूछने आए थे कि आप हमसे नाराज तो नहीं हों?
राफेल : आपसे नाराज क्यों होने लगा भला?
राहुल : मैंने आपका नाम ले-लेकर काफी कुछ बोला हैं ना, इसलिए पूछ रहा हूं।
राफेल : अरे बाबा, मुझे क्या भाजपा के प्रवक्ता या मोदी के मंत्री समझ रखा है जो मैं आपकी हर बात को इतना सीरियसी लूंगा?
राहुल : मतलब भैया, आप नाराज नहीं हैं ना? बस यही सुनने आया था। आज मैं चेन से सो सकूंगा। कल तो मैं रातभर छत पर खड़े होकर बस आसमां की ओर ही देखता रहा कि कहीं गुस्से में ऊपर से फट ना पड़ो... अच्छा चलता हूं। अब ना मिलेंगे...!
#satire #rafale #humor

(और भी मजेदार खबरी व्यंग्य पढ़ने के लिए हिंदी खबरी व्यंग्यों पर भारत के पहले पोर्टल hindisatire.com पर क्लिक करें ...)


रविवार, 26 जुलाई 2020

Humor : जब शिवराज सिंह ने कोरोना से कहा - हम नेता तो बच जाएंगे, मुझे आपकी चिंता है

shivraj singh corona शिवराज सिंह चौहान जोक्स

भोपाल। मप्र के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी कोरोनावायरस की चपेट में आ गए हैं। पर जैसा कि सभी जानते हैं कि शिवराज जी एक जमीनी नेता हैं और वे किसी से भी कनेक्ट होने का कोई मौका नहीं छोड़ते। तो इलाज के लिए चिरायु हॉस्पिटल के वीआईपी बेड पर बैठे-बैठे उन्होंने कोरोना से ही बात करनी शुरू कर दी।

शिवराज : हमारी संस्कृति मेहमानों का स्वागत करने की रही है। पहले हमने सिंधियाजी के स्वागत में पलक-पावड़े बिछाए, अब आपका स्वागत करने मैं खुद आया हूं।

कोरोना : आप तो हमें शर्मिंदा कर रहे हैं। आप हम जैसे छोटे वायरसों से बात कर रहे हैं, हमारे लिए तो यही बड़ी बात है।

शिवराज : देखिए, हमारे राज में कोई छोटा, कोई बड़ा नहीं है। आप तो कमलनाथ जी के जमाने से मप्र में हो। देख ही रहे हो कि कैसे हमने छोटे से सिंधिया गुट के लोगों को भी हमारे बराबर जगह दी। जितने हमारे मंत्री, उतने ही सिंधियाजी के मंत्री।

कोरोना : जैसा आपके बारे में सुना, बिल्कुल वैसे ही निकले आप। इसीलिए आपसे मिलने चला गया। लेकिन माफी चाहूंगा, इस चक्कर में आपको संकट में डाल दिया।

शिवराज : संकट की चिंता मत कीजिए। जैसा कि मोदीजी ने कहा, हम तो आपदा को अवसर में बदलने वाले लोग हैं। देखा नहीं, हम कैसे कांग्रेस में फंसे आपदाग्रस्त विधायकों को हमारी पार्टी में लाकर उनके लिए अवसर पैदा कर रहे हैं।

कोरोना : मुझे सोशल मीडिया पर पता चला कि लोग आपकी इस बात की निंदा कर रहे हैं कि आप सरकारी हमीदिया हॉस्पिटल में भर्ती होने के बजाय प्राइवेट हॉस्पिटल चिरायु में भर्ती हो गए।

शिवराज : लोगों का काम है कहना। अगर हम हमीदिया में भर्ती होते तो लोग कहते कि देखो गरीबों के लिए बने हॉस्पिटल में भर्ती होकर एक मुख्यमंत्री ने गरीबों का हक मार दिया। हम हमीदिया में जाते तो वहां का स्टॉफ हमारी तिमारदारी में लग जाता, जिससे वहां भर्ती होने वाले गरीब-गुर्गों का प्रॉपर ट्रीटमेंट नहीं हो पाता। उनकी खातिर ही हमने प्राइवेट हॉस्पिटल को चुना।

कोरोना : आप हम जैसे वायरसों के लिए क्या कुछ संदेश देना चाहेंगे?

शिवराज : देखिए, मैं इस प्रदेश का मुख्यमंत्री हूं और इसलिए मुझे सबकी चिंता होनी चाहिए। आप जिस तरह से नेताओं में घुसपैठ कर रहे हैं, उससे मुझे आप लोगों की चिंता हो रही है। हम नेताओं की जितनी चमड़ी मोटी होती है, उतनी ही मोटी इम्युनिटी भी। हम तो आप लोगों को झेल जाएंगे। पर आप हमें झेल पाओगे, इसको लेकर मुझे डाउट है।

कोरोना : जी बिल्कुल, हमसे ये गलती तो हो रही है। अब मैं आपको राज की एक बात बताता हूं। जब हम चीन से चले थे तो हमें एक गाइडलाइन दी गई थी। इसमें हमसे कहा गया था कि हम भारत में नेताओं से दूर ही रहे। पर गाइडलाइन तो होती ही है ना तोड़ने के लिए। तो हमने भी तोड़ दी...

शिवराज : बिल्कुल, वैसे ही जैसे हमारे यहां के लोग भी तुमसे बचने के लिए बनाई गई गाइडलाइन की धज्जियां उड़ा रहे हैं। अच्छा, जरा मैं आराम कर लूं, फिर फुर्सत में बात करेंगे...

#shivraj_singh  #humor #satire #corona

(और भी मजेदार खबरी व्यंग्य पढ़ने के लिए हिंदी खबरी व्यंग्यों पर भारत के पहले पोर्टल hindisatire.com पर क्लिक करें ...)




मंगलवार, 14 जुलाई 2020

Humor : राहुल गांधी ने बीजेपी अध्यक्ष नड्‌डा को चिट्‌ठी लिखकर उनसे क्या मांगा?

rahul gandhi jokes satire on congress

By Jayjeet

हिंदी सटायर डेस्क। राजस्थान में बढ़ते राजनीतिक संकट के बीच राहुल गांधी ने जेपी नड्‌डा को एक चिट्‌ठी लिखकर पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ कांग्रेस की ओर से कुछ विरोध प्रदर्शन आयोजित करने का आग्रह किया है। राहुल ने लिखा - आप लोग तो पुराने अनुभवी हैं, बल्कि यह आपका लोकतांत्रिक दायित्व भी है... (पढ़ें पूरी चिट्‌ठी नीचे...)

प्रति
श्री जेपी नड्‌डा जी
अध्यक्ष, बीजेपी और वरिष्ठ कार्यकर्ता, पूर्व विपक्षी पार्टी

विषय : पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के खिलाफ कांग्रेस की ओर से प्रदर्शन करने बाबत।

महोदय,
सेवा में नम्र निवेदन है कि इस समय देश में दो घटनाएं बड़ी तेजी से घटित हुई हैं। एक, पेट्रोल-डीजल के दामों में अभूतपूर्व बढ़ोतरी हो रही है। वहीं दूसरी ओर राजस्थान में हमारी सरकार के खिलाफ बगावत हो गई है। हमारी प्राथमिकता सरकार बचाना है, लेकिन पेट्रोल-डीजल जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे की भी अनदेखी नहीं कर सकते। ऐसे में महोदय से निवेदन है कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के खिलाफ हमारे लिए कुछ प्रदर्शन आउटसोर्स करने का कष्ट करें।आप जो भी प्रदर्शन या विरोध करेंगे, उसे हमारा भरपूर नैतिक समर्थन रहेगा। अगर वक्त मिला, राजस्थान के हालात में कुछ सुधार नजर आया और साथ ही कुछ बैलगाड़ियों की व्यवस्था हो गई तो हम कांग्रेसी भी एक दो विरोध मार्च निकालने का प्रयास जरूर करेंगे।

उम्मीद है देश के लोकतंत्र को बचाने की खातिर आप अपने इस प्रमुख लोकतांत्रिक दायित्व से मुंह नहीं मोड़ेंगे।

आपका ही प्रिय
राहुल


क्या रहा बीजेपी का रिएक्शन?
नड्डा ने पत्र की यह बात अमित शाह को बताई है। सूत्रों के अनुसार शाह ने कहा है कि बीजेपी हमेशा लोकतांत्रिक मूल्यों की पक्षधर पार्टी रही है। लोकतंत्र की खातिर हमें संकट की इस घड़ी में कांग्रेस की मदद करनी चाहिए।

#rahul_gandhi #rajasthan_political_crisis #petrol_diesel_price #Nadda  #humor #satire

(और भी मजेदार खबरी व्यंग्य पढ़ने के लिए हिंदी खबरी व्यंग्यों पर भारत के पहले पोर्टल hindisatire.com पर क्लिक करें ...)